संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। बच्चों को यौन शोषण, साइबर अपराध और उत्पीड़न से बचाने के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इसकी अध्यक्षता सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता ने की। नेहा गुप्ता ने कहा कि पॉक्सो अधिनियम 2012 के तहत 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को सुरक्षा दी गई है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए। अभियान के तहत पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को आयु वर्ग के अनुसार जागरूक किया जाएगा। 1 दिसंबर 2026 से 30 नवंबर 2027 तक विद्यालयों में साप्ताहिक जागरूकता गतिविधियां होंगी। इनमें भाषण, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं शामिल हैं। स्कूलों में हेल्पलाइन नंबर 1098, 1930 और 15100 प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशिक्षण में साइबर अपराध, बाल कल्याण समिति और विशेष किशोर पुलिस इकाई की भूमिका पर जानकारी दी गई।