संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सीकरी स्थित क्रिकेट मैदान पर मंंगलवार को खेले गए मुकाबले में ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल ने कोलंबस क्रिकेट अकादमी को बेहद आसानी से 10 विकेट से हरा दिया। 20 ओवर के मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी को आई कोलंबस अकादमी की टीम 14 ओवर में सिर्फ 55 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए खुशहाल कश्यप ने 23 गेंदों पर सर्वाधिक 21 रन बनाए। टीम का अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। ग्रैंड कोलंबस के लिए लेग स्पिनर कर्तव्य ने तीन ओवर में सिर्फ छह रन देकर छह विकेट झटके जबकि राघव, श्रेष्ठ, चैतन्य और कियान ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी को आई ग्रैंड कोलंबस ने सिर्फ छह ओवर में बिना कोई विकेट खोए 59 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम के लिए चैतन्य ने 20 गेंदों पर 34 रन बनाए जबकि सक्षम ने 10 रनों का योगदान दिया। कर्तव्य को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।