सूरजकुंड, सेक्टर-31 और ओल्ड फरीदाबाद के मकानों को बनाया निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की तीन वारदातों में चोर लाखों रुपये की नकदी, गहने, लैपटॉप और बाइक चोरी कर ले गए। सूरजकुंड, सेक्टर-31 और ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के सेक्टर-21सी स्थित संत निरंकारी भवन निवासी समीर चौहान ने शिकायत में बताया कि वह 20 जून को परिवार सहित उत्तराखंड में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनके घर का दरवाजा काटकर चोर अंदर घुस गए। चोर दो लैपटॉप, करीब 3.20 लाख रुपये नकद और उनकी केटीएम ड्यूक मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। उधर, सेक्टर-31 थाना क्षेत्र की स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी में रहने वाले अभिषेक ने शिकायत दी कि उनके नाना देहरादून गए हुए थे। 20 जून को अज्ञात चोर मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी का लॉक तोड़कर हीरे की अंगूठी, पुखराज जड़ी सोने की अंगूठी व करीब 15 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। वहीं ओल्ड फरीदाबाद के बसेलवा कॉलोनी निवासी प्रताप ने बताया कि वह 21 जून की रात परिवार सहित दिल्ली गए थे। अगले दिन लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर एचपी कंपनी का लैपटॉप, करीब 15 ग्राम का सोने का हार, सोने की अंगूठी, सोने की चेन, चांदी की पायल और 25 हजार रुपये नकद गायब मिले। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि तीनों मामलों में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।