- युवती को बाइक पर बिठाकर ले जाना चाहता था आरोपी, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सारन स्थित जूता मार्केट में रविवार रात करीब 7 बजे भाई के साथ बाजार आई एक युवती को बाइक सवार मनचला छेड़ने लगा। आरोपी की हिम्मत इतनी ज्यादा थी कि युवती को अपने साथ बाइक पर ले जाने का प्रयास करने लगा। वारदात के दौरान आरोपी ने युवती को घर से उठाने की धमकी दे डाली। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने युवक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद डायल-112 को सूचित किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके पड़ोस में एक लड़का रहता था। कई महीने पहले वहां से दूसरी जगह रह रहा है। आरोप है युवक उसे लगातार परेशान कर रहा है। रविवार शाम करीब 7 बजे वह अपने भाई के साथ जूता बाजार से घर का सामान लेने गई थी। इस दौरान बाजार में वह युवक बाइक से आया और उसे घर से उठाने की धमकी देते हुए छेड़छाड़ करने लगा। आरोपी पीड़िता को खींचकर बाइक पर बिठाने लगा। भाई के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। भाई ने भी लोगों से मदद की गुहार लगाई। आसपास के लोगों ने युवक को पकड़ कर जमकर पिटाई की। इसके बाद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।