हथीन बार एसोसिएशन ने ठप रखा अदालती कामकाज
- आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। अदालत परिसर में वकील के मुंशी वारिस पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वकीलों में रोष है। हथीन बार एसोसिएशन ने अदालती कामकाज ठप रखकर हड़ताल की। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग की। बार एसोसिएशन के अनुसार, 27 अक्तूबर को मुंशी वारिस पर अदालत परिसर में हमला हुआ था। 28 अक्तूबर को हथीन थाना में 15 नामजद सहित 30 लोगों के खिलाफ लूट और हमले की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस 29 दिन बाद भी एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हथीन बार एसोसिएशन के प्रधान मोहम्मद इकबाल जराली ने बैठक में हमले को गंभीर बताया और गिरफ्तारी न होने पर चिंता जताई। सचिव वसीम अकरम और उपप्रधान देवेंद्र यादव सहित कई वकील भी मौजूद थे।