फरीदाबाद। वार्ड-3 की न्यू जनता कॉलोनी के सामने सारन थाने की ओर सड़क किनारे जमा कूड़े का ढेर स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण यहां गंदगी और बदबू फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़ा समय पर नहीं उठाया जाता, जिससे ढेर लगातार बढ़ता रहता है। निवासी सुनीता ने कहा कि गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं और आसपास के घरों में बीमारियां फैलने का खतरा है। नगर निगम कार्यकारी अभियंता नवीन ने बताया कि सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौके से कूड़े का उठान कराया जाएगा और नियमित सफाई पर ध्यान दिया जाएगा। संवाद