संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। दिल्ली-एनसीआर में दहशत फैला रहा गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया द्वारा धमकी देने और फिरौती मांगने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। शुक्रवार को पलवल में मोबाइल स्टोर ट्रिपल 9 पर गोलियां चलवाने के बाद अब अनाज मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव तेवतिया से फिरौती मांगकर धमकी दी गई है। नीरज फरीदपुरिया द्वारा इस तरह से फिरौती मांगने से उद्योगपतियों, व्यापारियों और आम लोगों में भय का माहौल है। लोग अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं हालांकि पुलिस अधिकारी लोगों को ऐसे बदमाशों से न डरने की सलाह दे रहे हैं और जल्द ही ऐसे गैंगस्टर और उनके गुर्गाें का खात्मा करने का भी वादा कर रहे हैं।
एक ही दिन में गोलियां चलवाने की वारदात के बाद आढ़ती से फिरौती मांगने से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि गोलियां चलाने वाले सभी बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ इस तरह से मांगी जा रही फिरौती से भी व्यापारियों व उद्योगपतियों को निजात दिलाई जाए। नीरज फरीदपुरिया की धमकियां लगातार लोगों के पास फोन के माध्यम से आ रही हैं, लेकिन पुलिस उन फोन कॉल डिटेल को भी पता नहीं कर पा रही है कि इस तरह की धमकियां किस स्थान से आ रही हैं। नीरज फरीदपुरिया ही धमकी दे रहा है या फिर उसके नाम पर और कोई धमकी देकर लोगों से रुपये हड़प रहा है। उसके नाम पर दहशत फैलाने का काम फिलहाल जिले में जोरों पर है।
लोकसभा चुनावों के दौरान बड़ी वारदात की आशंका से भी डर रहे व्यापारी
उधर लोकसभा चुनाव के दौरान बड़ी वारदात की आशंका से भी व्यापारी डर रहे हैं। व्यापार मंडल जिला पलवल के अध्यक्ष संदीप गोयल का कहना है कि इस तरह से व्यापारियों को धमकी देने से डर पैदा किया जा रहा है। चुनाव के दौरान भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाए, इस आशंका को नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि ऐसे गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया जाए तथा उन्हें संरक्षण देने और लोगों के बारे में इस तरह से गुप्त जानकारी उपलब्ध कराने वालों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाए।
आखिर कहां है नीरज फरीदपुरिया
लोग इस बात पर भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया कहां छुपा है। पुलिस जहां आम आदमी के फोन की डिटेल से लोकेशन व पूरी जानकारी हासिल कर लेती है, तो फिर गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के नाम से आ रहे फोन कॉल की डिटेल से जानकारी क्यों नहीं हासिल की जा रही है। व्यापारी संदीप गोयल, हाल ही में धमकी मिलने के बाद अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव तेवतिया ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। गौरव का आरोप है कि उन्हें धमकी मिलने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। यहां तक कि मुकदमा भी दर्ज नहीं किया गया है। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो मंडी के आढ़ती सड़कों पर उतर जाएंगे।
-
पुलिस ने फायरिंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का किया दावा
जिला पुलिस ने एक करोड़़ रुपये की रंगदारी न देने पर ट्रिपल नाइन टेलीकॉम पर की गई फायरिंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है, हालांकि पुलिस ने दोनों आरोपियों की कोई जानकारी साझा नहीं की है। आरोपियों का फोटो भी जारी नहीं किया है तथा आरोपियों के नाम तक नहीं बताए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस की दावेदारी लोगों के गले से नीचे नहीं उतर रही है।
डीएसपी दिनेश यादव के अनुसार बीती 29 मार्च को पांच आरोपियों ने आगरा चौक के समीप ट्रिपल नाइन टेलीकॉम दुकान पर फायरिंग कर फरार हो गए थे, जिस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी एवं शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। वारदात की सूचना मिलते ही हालात का जायजा लेकर बदमाशों की धरपकड़ के बारे में दिशा निर्देश दिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा, जिन्हें अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से गहनता से पूछताछ जारी है। मामले में फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।