संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने हरियाणा स्टेट बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन के राजेश गोयल से मुलाकात की। उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज उटावड में मेडिकल इमेजिंग टेक्नोलॉजी ट्रेड की कक्षाएं शुरू कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। सचिव डॉक्टर राजेश गोयल ने विधायक को बताया कि इस संबंध में लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं। 17 नवम्बर से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में नियमित रूप से कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगी। इसके लिए नए सत्र के लिए एकेडमिक कैलेंडर भी बनाकर भेजा गया है। ट्रेड में तीस सीटों पर दाखिला होना है। टेक्निकल एजुकेशन बोर्ड के फैसले के बाद छात्रों में खुशी का वातावरण बन गया है। छात्रों ने इसके लिए विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी के प्रयासों की सराहना की है। विधायक ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार प्रकट किया है।