संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भू माफियाओं ने फर्जी दस्तावेज से जमीन अपने नाम कराकर प्लाटिंग कर दी। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बल्लभगढ़ के आदर्श नगर निवासी संजय शर्मा ने पुलिस काे दी शिकायत में बताया सीकरी में उनकी करीब छह एकड़ जमीन थी। कुछ माह पहले उनके जानकार राजकुमार चौधरी, आदित्य, अश्वनी कुमार, ललित पाराशर व दिनेश ठाकुर उनसे आकर मिले। सभी का जमीन की खरीद-फरोख्त का काम है। राजकुमार चौधरी के साथ संजय ने पहले प्रॉपर्टी का काम भी किया था। संजय ने राजकुमार चौधरी के कहने पर अपनी दो एकड़ जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम पर करा दी थी। आरोपियों ने बची हुई 31 कनाल 16 मरले जमीन का भी फर्जी तरीके से इकरारनामा कर जीपीए तैयार कर ली। इसके बाद जमीन पर प्लाटिंग कर लोगों से पैसे ले लिए। मामले का पता लगने के बाद संजय ने इस मामले में आरोपियों से बात करनी चाही तो उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।