सस्ते हॉलिडे पैकेज दिलाने के नाम पर ठगी, चार दबोचे
साइबर थाना सेंट्रल ने किया आरोपियों का पर्दाफाश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर थाना सेंट्रल प्रभारी की टीम ने सस्ते हॉलिडे पैकेज दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी तुषार, यूपी के हरदोई निवासी अमन, फिरोजाबाद निवासी गजेंद्र तथा दिल्ली निवासी वंश के रूप में हुई है। आरोपियों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर मार्केट रेट से सस्ते दाम पर हॉलिडे पैकेज उपलब्ध करवाने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी की।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि 24 जून को साइबर थाना सेंट्रल में पीड़ित रामानंद ने शिकायत दी कि उसके साथ 1.45 लाख की धोखाधड़ी हुई है। टीम ने आरोपियों को पंजाब के जीरकपुर, मोहाली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल, दो सिम कार्ड, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के डेबिट कार्ड व चेक बुक तथा 32000 रुपये बरामद किए गए।
ऐसे करते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया आरोपी लोगों को अमेरिका, दुबई, न्यूजीलैंड, गोवा, इंडोनेशिया यूरोप जैसे स्थानों पर घूमने के लिए मार्केट से सस्ता हॉलिडे पैकेज उपलब्ध करवाने की बात करते थे। इसके लिए उन्होंने शेरितों हॉलिडे के नाम से वेबसाइट बनाकर कस्टमर केयर पर फर्जी नंबर देकर झांसे में लेते थे। जो भी उनसे संपर्क करता वहां उन्हें सस्ते पैकेज का लालच देते और उसे महंगे होटल में बुलाकर उसे देश विदेश में घूमने के लिए सस्ते पैकेज तथा पैकेज के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के डिस्काउंट कूपन इत्यादि का लालच देते। ग्राहक जब सहमति प्रदान करता तो ग्राहक से क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के माध्यम से एक बड़ी रकम अपने होटल के करंट खाते में ट्रांसफर करवा लेते। पैकेज बुक कराने वाले लोगों की ईमेल आईडी पर फर्जी पैकेज बनाकर भेज देते थे। बाद में पीड़ित को कुछ भी नहीं मिलता था। पूछताछ के बाद आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। मामले में दो आरोपी फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है।