फरीदाबाद। साइबर ठगों ने फेसबुक पर प्ले बॉय की नौकरी दिलाने का लालच देकर युवक से 89 हजार 750 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर उसे हर मीटिंग के बदले 20 से 30 हजार रुपये कमाने का झांसा दिया था। पुलिस के अनुसार, युवक को फेसबुक खाते से मित्रता अनुरोध आने के बाद उसकी व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। आरोपियों ने पंजीकरण के नाम पर 1200 रुपये मांगे। बाद में होटल प्राइवेसी कार्ड, रूम स्कैनर कार्ड और मसाज किट के नाम पर पैसे ठगे गए। यह धोखाधड़ी चार से सात सितंबर के बीच हुई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर 19 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए जांच जारी है। ब्यूरो