संवाद न्यूज एजेंसी
फ़रीदाबाद। छात्र हितों में आवाज उठाने को लेकर सेक्टर 16 स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज प्रशासन ने सोमवार को अपने ही कॉलेज के एमए इकोनॉमिक्स तृतीय सत्र के छात्र कृष्ण अत्री को निलंबित कर दिया। यह जानकारी एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश महासचिव कृष्ण अत्री ने प्रेसवार्ता के दौरान दी।
इस मौके पर युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष नितिन सिंगला, कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष ओपी भाटी भी मौजूद थे। उनका कहना था कि लगातार छात्र हितों में आवाज उठाते रहे हैं। इससे परेशान होकर कॉलेज प्रशासन ने उन्हें कॉलेज से निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि तत्कालीन प्रधानाचार्य एमके गुप्ता ने उन्हें पिछले वर्ष 18 सितंबर 2022 को नोटिस दिया था। आरोप है कि प्राध्यापक द्वारा कक्षा नहीं ली जा रही थीं। शिकायत के अगले दिन रुचिरा खुल्लर कार्यवाहक प्राचार्या ने छात्रों को धमकाया और उनके खिलाफ सेक्टर 16 चौकी में शिकायत दे दी। इसके बाद चौकी में समझौता हो गया। कृष्ण अत्री ने आरोप लगाया कि बदले की भावना से प्रधानाचार्य रुचिरा खुल्लर ने उन्हें कॉलेज से निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष जारी रहेगा और छात्रों को न्याय दिलाने में कोई कमी नही छोड़ेंगे। इस मौके पर आकाश पंडित, आरिफ खान, सोनू सिंह, महेश चौहान, मनीष चौधरी, पुनीत सहरावत, सन्नी पायला, राहुल यादव, हितेश शर्मा, आकाश चौधरी, संजय खुटेला, सुमित तंवर, प्रवीण भारद्वाज, विजय वैष्णव आदि मौजूद रहे।
वर्जन
नेहरु कॉलेज प्राचार्य डॉ. रुचिका खुल्लर ने कहा किशन अत्री ने कॉलेज की गरिमा को तोड़ा है, इसे ध्यान में रखते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।