फरीदाबाद। सेक्टर-19 में बीती रात बिजली के खंभे में तार जलने से अचानक आग लग गई। बिजली के खंभे के साथ में ऑटो और कार भी खड़ी थी। स्थानीय लोगों ने कार व ऑटो चालक को खंभे के पास से हटवाया। स्थानीय लोगों ने बिजली दफ्तर के कर्मियों को फोन भी लगाया लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थानीय निवासी परवेश ने बताया कि लाइनमैन को फोन किया गया, जिसके बाद बिजली की लाइन काटी गई। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग लापरवाही कर रहा है। यह आग रात को लगी है। यहां पास में स्कूल भी है, यदि दिन में बिजली के खंभे में आग लग जाती है तो छोटे-छोटे बच्चे इसकी चपेट में आ सकते हैं। लावारिस पशु भी सारा दिन इधर-उधर घूमते हैं, इससे उन्हें भी हानि पहुंच सकती है। हमारी प्रशासन से मांग है कि इस ट्रांसफार्मर के पास बैरिकेडिंग कराई जाए, जिससे किसी को हानि न पहुंचे। संवाद