संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बाटा मेट्रो स्टेशन के नीचे शुक्रवार रात चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में चालक सहित दो युवक सवार थे। समय रहते दोनों कार से बाहर आ गए और दमकल विभाग को जानकारी दी। एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।
जवाहर कॉलोनी निवासी विरेंद्र सिंह का कहना है, उनकी कार में सीएनजी किट लगी हुई है। कुछ समय से सीएनजी पर चलाने में गाड़ी में दिक्कत आ रही थी। कार एजेंसी संचालकों ने बताया सीएनजी किट ठीक कराने के लिए दिल्ली के ओखला में स्थित एजेंसी पर जाना होगा। विरेंद्र अपने एक दोस्त के साथ शुक्रवार को ओखला से सीएनजी किट ठीक कराकर घर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे बाटा मेट्रो स्टेशन के नीचे कार में आगे की तरफ से धुआं निकलता दिखाई दिया। विरेंद्र ने तुरंत कार साइड में रोक ली और दोस्त सहित बाहर निकल गए। कुछ ही देर में कार से आग की लपटें निकलने लगीं। दमकल विभाग की गाड़ी ने आग को बुझाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।