संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सुरुरपुर गांव में रविवार सुबह बाइक रिपेयरिंग की दुकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखी कई पुरानी बाइकें, एक स्कूटी, स्पेयर पार्ट्स और रिपेयरिंग का सामान जलकर राख हो गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान संचालक को करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान संचालक अर्जुन सैनी ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसी दुकानदारों ने उन्हें फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। आसपास के लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में एक पानी का टैंकर भी बुलाया गया। घटना की सूचना डायल-112 और दमकल विभाग को भी दी गई। फायर अधिकारी सुखबीर यादव ने बताया कि दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने काबू पा लिया था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।