फरीदाबाद। चोरी का माल खरीदने और अपने पास रखने के आरोप में कबाड़ व्यापारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना एनआईटी में छह जुलाई को दर्ज एक चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस अभिरक्षा में लिए गए बाल अपचारी सोनू से उसकी मां की मौजूदगी में पूछताछ की गई। पूछताछ में सोनू ने बताया कि उसने अपने साथियों सोहिल और अमन के साथ मिलकर एनआईटी स्थित एक मकान से तांबा, पीतल और अन्य कबाड़ चोरी किया था। आरोप है कि चोरी किया गया यह सामान मुल्ला होटल, एनआईटी-3 के पास कबाड़ का कारोबार करने वाले इदरीश कबाड़ी को बेचा गया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर इदरीश कबाड़ी को पंजाब पुलिस रूल्स के तहत दो बार नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण के लिए थाना बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि एनआईटी थाना पुलिस ने नौ जुलाई को इदरीश कबाड़ी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद