फरीदाबाद। जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त आयुष सिन्हा ने पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनावों को लेकर नया शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत अब दो मार्च को वार्ड के अनुसार ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जनता के सामने रखी जाएगी। अगर किसी को अपने नाम या पते को लेकर कोई आपत्ति है या नया नाम जुड़वाना है, तो वह नौ मार्च तक अपने दावे पेश कर सकता है। उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए यह पूरी प्रक्रिया अपनाई जा रही है ताकि चुनाव के समय किसी भी वोटर को परेशानी का सामना न करना पड़े। 12 मार्च तक सभी आपत्तियों का निपटारा कर दिया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति जिला निर्वाचन अधिकारी के फैसले से सहमत नहीं है, तो वह 16 मार्च तक इसके खिलाफ अपील भी कर सकता है। इन सभी अपीलों पर 19 मार्च तक अंतिम फैसला ले लिया जाएगा, जिसके बाद 27 मार्च को फाइनल वोटर लिस्ट सबके सामने होगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते लिस्ट में अपना नाम चेक कर लें ताकि बाद में किसी तरह की दिक्कत न हो। संवाद