बल्लभगढ़। एनआईटी के टाउन नंबर-2 क्षेत्र में पानी की मोटर लगाने और पाइपलाइन लीकेज को लेकर हुए विवाद में मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में मकान नंबर-2ई100, बी.पी एनआईटी निवासी मनोहर लाल भाटिया ने बताया कि वह अपने बड़े भाई कैलाश कुमार भाटिया के साथ एक ही मकान में अलग-अलग फ्लोर पर रहते हैं। कैलाश कुमार भाटिया ग्राउंड फ्लोर और वह प्रथम तल पर रहते हैं। उन्होंने 22 मई को प्रथम तल पर पानी की समस्या के चलते अलग से पानी की मोटर लगवाई थी। उसी शाम उनकी भाभी सीमा भाटिया ने मोटर लगाने के कारण प्रथम तल की पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने की शिकायत दी, जिसे ठीक करने के लिए उन्होंने प्लंबर को कॉल कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अगले दिन जब वह अपनी पत्नी के साथ पार्क जाने के लिए नीचे उतर रहे थे, तभी कैलाश कुमार भाटिया ने सीमा भाटिया के साथ मिलकर उससे मारपीट की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद