हंसी-मजाक में विवाद, पत्थर से हमला कर किया घायल
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के गांव अनंगपुर में हंसी-मजाक के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। दोनों पक्ष के बीच मारपीट और पत्थर फेंकना शुरू हो गया। वहां मौजूद गांव के ही कुछ लोगों ने दोनों पक्षों में बीचबचाव कर मामले को शांत कराया व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है। जांच अधिकारी हवलदार संदीप ने बताया कि अनंगपुर गांव के दलेल मोहल्ला के रहने वाले मनीष पुत्र जगबीर एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। 26 जून रात 9 बजे मनीष व उसका बड़ा भाई सुरेश भड़ाना पंजाबी दुकान कुआं मंदिर के पास बैठे थे। यहां पर मंदिर बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान गांव के सागर व सुमित उर्फ मटोला को सुरेश ने हंसी-मजाक में कहा कि गांव के लोग कहते हैं कि उसकी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की है, कहां से खरीदी है। यह सुनते ही दोनों आग-बबूला हो गए। सुमित उर्फ मटोला ने सुरेश को पकड़ लिया व सागर ने वहां रखा बड़ा सा पत्थर उठाकर सुरेश के सिर पर मार दिया। पास ही खड़े दुकान पर बातचीत कर रहे सुरेश के पिता जगबीर उसे बचाने वहां पहुंच गए। उन्हें देखकर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। सुरेश को घायल हालत में एशियन अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां से उपचार के बाद छुट्टी मिलने के बाद उसने सूरजकुंड पुलिस को दोनों आरोपी के खिलाफ शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। ब्यूरो