संवाद न्यूज एजेंसी।
हथीन। शिक्षा निदेशालय पंचकूला के संयुक्त निदेशक सुरेश कुमार ने शनिवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप पलवल में व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने जिले के सभी 48 क्लस्टर मुखियाओं की बैठक लेकर शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र संख्या वृद्धि और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कम नामांकन वाले विद्यालयों में 15 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों का दाखिला सुनिश्चित किया जाए तथा ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।