फरीदाबाद। राजकीय कन्या महाविद्यालय में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने हिंदी निबंध लेखन, काव्य पाठ और प्रश्नोत्तरी में उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ऋतिका गुप्ता और कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. ऋतिका गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति और पहचान का आधार है। दैनिक जीवन और कामकाजी व्यवहार में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है। डॉ. चंद्रशेखर ने हिंदी के ऐतिहासिक सफर और डिजिटल युग में बढ़ती स्वीकार्यता पर विचार रखे। कार्यक्रम में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संवाद