खेड़ीकला, तिलपत और ग्रेटर फरीदाबाद में कटौती से बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में बिजली कटौती से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। फाॅल्ट, ब्रेक डाउन के कारण रोजाना पांच से सात घंटे बिजली कट लग रहे है। इससे लोगों को भारी परेशानी से जूझना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रेटर फरीदाबाद, तिलपत और खेड़ीकलां क्षेत्र वासियों को उठानी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को भी इन इलाकों में करीब सात घंटे बिजली कट रहा। बिजली न होने से घरों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बिजली कंट्रोल रूप में करीब 2500 शिकायतें दर्ज की गईं।
दो दिन हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी। बृहस्पतिवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिला। इसके साथ ही एक बार फिर लोगों को गर्मी ने सताना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को तापमान में हुई बढ़ोतरी के कारण लोगों को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ा, लेकिन इस बीच जिले के लोगों को बिजली ने खूब सताया। फाॅल्ट के कारण खेड़ीकला, तिलपत और ग्रेटर फरीदाबाद में पांच से सात घंटे बिजली गुल रही। वहीं सेक्टर-22, 23, 24, ओल्ड फरीदाबाद, लक्कड़पुर, सेक्टर-31, डबुआ, पाली, एसजीएम नगर सहित अन्य हिस्सों में तीन से चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो बृहस्पतिवार तो जिले में बिजली कट संबंधी ढाई हजार शिकायतें मिलीं, जिनका समय पर निपटारा कर दिया गया।