- मृतक घर के बाथरूम का करवा रहा था निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। दिल्ली में होमगार्ड के पद पर कार्यरत गांव गढ़खेड़ा निवासी धर्मपाल ने पड़ोसी पिता-पुत्र को भवन निर्माण सामग्री पर पानी डालने से मना किया तो उन्होंने तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। छायंसा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को काबू कर लिया है। अन्य की तलाश जा रही है।
गांव गढ़खेड़ा निवासी अमित ने बताया कि उनके चाचा धर्मपाल (50) अपने घर पर बाथरूम का निर्माण करवा रहे थे। इस संबंध में वह 19 अगस्त की शाम बाजार से निर्माण सामग्री, जिसमें क्रेशर-सीमेंट लेकर आए और उन्होंने वह गली में रखवा दी। तभी सुनील उर्फ पवन का बेटा अजय गली में पानी फैला रहा था। जिस पर उनके चाचा ने कहा कि यहां सीमेंट व क्रेशर रखा हुआ है, यहां पानी मत फैलाओ। इसी बात पर सुनील व उसके बेटे अजय उसके चाचा को गाली देने लगे। तभी सुनील तैश में आकर अपने मकान से तलवार अपनी पीठ के पीछे छिपा कर लाया और आते ही चाचा धर्मपाल के सिर व छाती में मार दी। उसके बाद अजय ने उनके चाचा को धक्का दे दिया। जिससे वह जमीन पर गिर गए। उन्होंने व उनके भाई दिपांशु ने बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन, नीचे गिरे हुए चाचा को सुनील तलवार घोंपता रहा। जब उन्होंने शोर मचाया, तो वहां आस पास के लोग इकट्ठे हो गए। लोगों को आता देख देखकर पिता-पुत्र वहां से भाग गए। उसके बाद वह चाचा धर्मपाल को मोटरसाइकिल से बीके अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। थाना छांयसा प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि यह घटना शनिवार की शाम की है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सहित एसीपी तिगांव राजेश लोहान, एसीपी क्राइम अमन यादव और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को काबू कर लिया है। वहीं अन्य को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के चार बच्चे हैं। जिसमें सबसे बड़ी दो जुड़वा बेटियां हैं, जो कि 11वीं कक्षा में पढ़ती हैं।