बागवानी विभाग द्वारा किसानों को किया गया जागरूक गांव पावटा, जाजरू और मधावली में किया गया शिविर का आयोजन अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बागवानी विभाग की ओर से पावटा, जाजरू और मधावली में ग्राम स्तरीय जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें किसान सरपंच/पंचायत प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। जागरुकता शिविर में मेरी फसल मेरा ब्योरा, मेरा पानी मेरी विरासत सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि बागवानी विभाग द्वारा किसानों को योजनाओं के पम्फलेट भी वितरित किए गए ताकि किसान ज्यादा से ज्यादा योजनाओं की जानकारी और लाभ ले सकें। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि किसान विभागीय योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा अपनाएं। किसान मेरा पानी मेरी विरासत योजना को अपनाकर धान की फसल को छोड़कर बागवानी फसलें अपनाएं। इससे पानी की बचत होगी और किसानों की आय में इजाफा भी होगा। खेतों में फलदार पौधे के बाग लगाने वाले किसानों को बागवानी विभाग अब ज्यादा अनुदान देगा। अब विभाग ने किसानों को मिलने वाली अनुदान राशि को 50 प्रतिशत तक कर दिया है। बाग लगाने वाले किसानों को अनुदान राशि तीन भागों में दी जाएगी। अधिक अनुदान राशि देकर सरकार का मकसद किसानों की आय व फलों के उत्पादन को बढ़ाना है।