पलवल। उपायुक्त हरीशचंद्र वशिष्ठ के आश्वासन के बावजूद शुगर मिल तय समय पर शुरू न होने से गन्ना उत्पादक किसानों में भारी नाराजगी है। इसी के चलते संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रतिनिधिमंडल में मास्टर महेंद्र सिंह चौहान, धर्मचंद घुधेरा, उदय सिंह सरपंच सहित कई किसान शामिल हुए। नेताओं ने बताया कि 12 से 16 नवंबर तक किसानों ने शुगर मिल प्रांगण में धरना दिया था, जिसके बाद उपायुक्त ने 20 नवंबर तक मिल चालू कराने का आश्वासन दिया था लेकिन मिल बंद रहने पर उपायुक्त ने प्रबंध निदेशक से कारण पूछा, जिस पर उन्होंने बताया कि शुगर फेडरेशन के आदेश मिलते ही मिल शुरू कर दी जाएगी। किसान मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि मिल तुरंत चालू नहीं की गई तो वे उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। संवाद