कोर्ट में पिस्तौल लेकर पहुंचा छात्र पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
फरीदाबाद सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत परिसर में शुक्रवार दोपहर नव-निर्वाचित बार काउंसिल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। इसी दौरान एक एमबीए छात्र बैग में देशी पिस्तौल लेकर कोर्ट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश करते पकड़ा गया। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच के दौरान बैग में संदिग्ध सामान का पता चलने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली। बैग से देशी पिस्तौल मिलने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के समय शपथ ग्रहण समारोह के चलते अदालत परिसर में वकीलों और अन्य लोगों की काफी आवाजाही थी। इसी दौरान गुरुग्राम के गांव लाला खेड़ली निवासी अभिषेक खटाना बैग लेकर प्रवेश द्वार पर पहुंचा। डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजरते समय सुरक्षा कर्मियों को उसके बैग में संदिग्ध वस्तु होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसे रोककर बैग की जांच की गई।
तलाशी के दौरान बैग से देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिसकर्मियों ने अभिषेक को मौके पर ही काबू कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए सेंट्रल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अभिषेक शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कोर्ट परिसर में हथियार लेकर क्यों पहुंचा था। वह अदालत में किससे मिलने आया था और उसे पिस्तौल कहां से मिली, इसकी भी जांच की जा रही है।