आयकर विभाग ने कर चोरी की सूचना पर ऑटो के पुर्जे बनाने वाली वीजी इंटरप्राइजेज के दिल्ली-एनसीआर में 25 ठिकानों पर छापे मारे। टीम ने बुधवार सुबह कंपनी निदेशकों के घर, कार्यालयों व कई वर्कशॉप पर एकसाथ दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम ने दस्तावेज, मोबाइल, लैपटॉप अपने कब्जे में लिए हैं। देर शाम तक कार्रवाई जारी रही। फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित वीजी इंटरप्राइजेज समूह की दिल्ली-एनसीआर में 25 से ज्यादा छोटी-बड़ी कंपनियां हैं।
सेक्टर-24 स्थित वीजी इंटरप्राइजेज कंपनी कई कार कंपनियों के लिए ऑटो पार्ट्स बनाती है। दिल्ली-एनसीआर में इसकी छोटी-बड़ी 25 से ज्यादा कंपनियां हैं। सूत्रों के अनुसार विभाग को सूचना मिली थी कि कंपनी टैक्स में हेराफेरी कर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व की हानि पहुंचा रही है। सूचना के आधार पर टीम फरीदाबाद आयकर निदेशक यूनिट दो की ओर से गठित की गई। इसमें गुरुग्राम और दिल्ली की आयकर टीम का भी सहयोग लिया गया।
बुधवार टीम ने सुबह सात बजे एक साथ कंपनी के सभी ठिकानों पर छापा मारा। टीम सबसे पहले सेक्टर-21बी स्थित कंपनी मालिक की कोठी के अलावा गुरुग्राम-दिल्ली स्थित के कंपनी कार्यालयों पर पहुंची। टीम को देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। टीम ने तुरंत प्रभाव से सभी के मोबाइल फोन, लैपटॉप कब्जे में ले लिए ताकि कोई उनका डाटा डिलीट न कर सके। घर के अंदर मौजूद सभी लोगों की आवाजाही रोक दी गई। विभाग अधिकारियों को अंदेशा है कि टैक्स में हेराफेरी कर कंपनी मालिक और निदेशकों ने दूसरी जगह पैसा लगाया है। इससे सरकार को करोड़ोंरुपये का नुकसान हुआ है।
कर में करोड़ों की हेराफेरी
विभाग को सूचना मिली थी कि कंपनी कर में हेराफेरी कर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व की हानि पहुंचा रही है। अधिकारियों को अंदेशा है कि वित्तीय गड़बड़ी करके कंपनी मालिक और निदेशकों ने दूसरी जगह पैसा लगाया है।