फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार को ईएसआईसी दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर को लेकर अस्पताल परिसर को विशेष रूप से सजाया गया और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की स्थापना 24 फरवरी 1952 को हुई थी। इस दिन निगम की स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और श्रमिकों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं पर प्रकाश डाला जाता है। अस्पताल परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया है और मुख्य भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को ईएसआईसी की उपलब्धियों और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का कहना है कि ईएसआईसी दिवस का उद्देश्य कर्मचारियों और आमजन में स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने के संकल्प को दोहराना है। संवाद