फरीदाबाद। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बृहस्पतिवार को हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने फरीदाबाद के सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक लेकर नेताओं को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से लोगों को रैली में पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने भाजपा पर चुनाव में वोट चोरी और चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दावा किया कि रैली को लेकर जनता में उत्साह है। जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि फरीदाबाद से हजारों लोग रैली में शामिल होंगे। ब्यूरो