गेहूं और सरसों की खरीद से पहले जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं
फरीदाबाद। रबी विपणन सीजन 2026-27 के तहत गेहूं और सरसों की खरीद को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक में लिंकेज एवं स्टोरेज प्लान की समीक्षा करते हुए डीसी आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि मोहना और बल्लभगढ़ मंडियों में अधिक आवक को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एफसीआई एवं हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गोदामों का समुचित उपयोग किया जाए व जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त भंडारण की व्यवस्था भी की जाए। साथ ही परिवहन एवं उठान में किसी प्रकार की देरी न हो, निविदा शर्तों के अनुसार वाहनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। डीसी आयुष सिन्हा ने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही गेट पास जारी किए जाएं। बैठक में फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, डीएफएससी कविता सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद