फरीदाबाद। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा सरकार की छंटनी नीति के खिलाफ आंदोलन करेगी। कर्मचारी 21 सितंबर को प्रदेश के सभी नगर पालिका, परिषदों और निगम आयुक्तों के कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी कर्मचारी नेताओं ने बैठक में दी। प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री ने बताया कि सरकार द्वारा नवचयनित क्लर्कों की ज्वाइनिंग के बाद नगर पालिका, परिषदों व नगर निगमों में सालों से आउटसोर्सिंग नीति पार्ट 1 व 2 में ठेके पर लगे क्लर्कों व कंप्यूटर आपरेटरों की छंटनी की तैयारी की गई है। प्रदर्शनों के बाद विभाग के मंत्री, एसीएस व निदेशक के नाम ज्ञापन देकर छंटनी पर तुरंत रोक लगाने और छंटनी किए गए कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर लेने की मांग की जाएगी। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा, नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के उप महासचिव सुनील चिंडालिया, केंद्रीय कमेटी के नेता सुभाष फैटमार, जिला प्रधान गुरचरण खाड़िया आदि मौजूद रहे। ब्यूरो