संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आईएमटी क्षेत्र स्थित एक कंपनी के बाहर ड्यूटी के विवाद में कर्मचारी के साथ मारपीट की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गांव दौलताबाद निवासी दिशू ने बताया कि वह 26 सितंबर को आईएमटी प्लॉट नंबर 638 स्थित सुपर पॉलिम कंपनी में सुबह करीब नौ बजे ड्यूटी पर आया था। सहकर्मी रमन और ध्रुव कथित तौर पर उससे रंजिश रखते थे और नौकरी छोड़ने के लिए धमकाते थे। दोपहर करीब 1:30 बजे ध्रुव ने गार्ड के माध्यम से उसे कंपनी के गेट के बाहर बुलाया। वहां रमन और ध्रुव के साथ खड़े 10-12 युवकों ने मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। घायल दिशू को कंपनी में काम करने वाले अजय ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।