आज चार घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
फरीदाबाद। मरम्मत कार्य की वजह से शहर के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौहान ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढे़ छह से साढे़ सात बजे तक 66 केवी झाड़सेंतली फीडर पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान जाजरू रोड, सेक्टर 59, विक्टोरा टूल्स, एमएम कास्टिंग नोवा आदि कंपनियों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसी तरह सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक यूएसए सबस्टेशन पर नया ट्रांसफार्मर रखने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान एसओएस बालग्राम, चार्मवुड, सूरजकुंड, एमएचपीसी, ओमैक्स, भारत गियर कंपनी की बिजली बंद रहेगी। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने में साढ़े तीन से चार घंटों का समय लग सकता है। इतनी देर तक इन दोनों ही फीडर से जुड़े इलाकों की बिजली सप्लाई ठप रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। इसके अलावा 11 से एक बजे तक एसजीएम नगर ए ब्लाक और राजा चौक पर भी विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी। यहां पर लाइन की मरम्मत का काम चलेगा। दोपहर तीन से पांच बजे तक मेट्रो अस्पताल की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। यहां सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई का कार्य होना है। सेक्टर-64 में भी लाइन मरम्मत कार्य के कारण बिजली की आपूर्ति ठप रहेगी। यहां सुबह 9 बजे से साढ़े 11 बजे तक बिजली ठप रहेगी।