संवाद न्यूज़ एजेंसी
होडल। कस्बा हसनपुर के गांव जटौली में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की म्हारा गांव जगमग योजना के तहत घरों से बिजली के मीटरों को बाहर निकलते समय काम करने वाली एजेंसी के कर्मचारियों को करंट लग गया । घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक कर्मचारी के पिता की शिकायत पर एजेंसी के सुपरवाइजर के खिलाफ केस दर्ज किया है।हसनपुर थाना प्रभारी अजीत सिंह नागर ने बताया कि पुलिस को उपमंडल नागरिक अस्पताल होडल से सूचना मिली कि 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और वहां गांव गौढोता निवासी नीताराम ने पुलिस के को दिए अपने बयान में बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है और उसका पुत्र कृष्ण 22 वर्ष जो लगभग 2 वर्ष से अग्रवाल ट्रेडर्स एजेंसी के साथ दक्षिण हरियाणा विद्युत वितरण निगम की म्हारा गांव जगमग योजना के तहत हेल्पर के रूप में लगा हुआ था। पीड़ित ने बयान में कहा कि रविवार को उसका पुत्र कृष्ण गांव जटोली में बिजली के मीटर को घरों से बाहर निकलने का काम कर रहा था, इसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि एजेंसी के सुपरवाइजर ने उसके बेटे को कम करने के लिए पूर्ण रूप से सुरक्षा उपकरण नहीं दिए। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अग्रवाल ट्रेडर्स के सुपरवाइजर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।