- अब तक 11 प्रत्याशियों ने फरीदाबाद लोकसभा के लिए किया नामांकन, दो दिन शेष
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी महेंद्र प्रताप समेत 8 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि अब तक कुल 8 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतर आए हैं। अभी पर्चा भरने के लिए दो दिन शेष हैं। इसके बाद 7 मई को पर्चा वापसी के लिए समय दिया जाएगा।
फरीदाबाद लोकसभा के लिए सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के कोर्ट परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह के समक्ष प्रत्याशियों ने नामांकन किया। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहले, दूसरे दिन कोई नामांकन नहीं हुआ। तीसरे दिन तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। शुक्रवार को पांचवें दिन आठ प्रत्याशियों में नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें से आदिम भारतीय दल के हरिशंकर राजवंश, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महेन्द्र प्रताप सिंह, जजपा पार्टी की कवरिंग प्रत्याशी तान्या हुड्डा, निर्दलीय सुरेन्द्र कुमार सैनी, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के श्याम सुन्दर, राष्ट्रीय विकास पार्टी के महेश प्रताप शर्मा और बहुजन मुक्ति पार्टी के लेखराम ने जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहींए जजपा प्रत्याशी नलिन हुड्डा की ओर से एक फॉर्म सेट जमा कराया गया है।
एसीपी से हुई बहस
लघु सचिवालय में तीन स्तरीय सुरक्षा रखी गई है। ऐसे में किसी भी प्रत्याशी समेत कुल पांच लोग नामांकन के लिए पहले स्तर पर अंदर जा सकते हैं। हालांकि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र प्रताप के साथ प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक शारदा राठौड़ और अन्य शामिल थे। इस दौरान कुछ नेता पहले स्तर पर आगे निकल गए। इस समय मौजूद एसीपी ने उन्हें नियमों की पालना करने के लिए टोक दिया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के एक नेता से एसीपी की बहस भी हो गई।
आज इनेलो और बसपा प्रत्याशी करेंगे नामांकन
सुनील तेवतिया शनिवार 4 मई को सुबह 10 बजे जिला सचिवालय में इनेलो पार्टी से लोकसभा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी से प्रत्याशी किशन ठाकुर भी शनिवार को ही नामांकन करेंगे। दूसरी तरफ भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा सांसद कृष्णपाल गुर्जर सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन पर्चा दाखिल करेंगे।