होटल में मिले शव के मामले को पुलिस ने सुलझाया
दिल्ली की एक फैक्ट्री में अकाउंटेंट है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनएचपीसी चौक के पास स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार शाम को मिले युवती के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिव कॉलोनी निवासी आकाश के रूप में हुई है। आरोपी युवती को 8 साल से जानता था। मंगलवार शाम को होटल में बुलाकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। उसे शक था कि युवती किसी और लड़के से बातचीत करती है।
आरोपी दिल्ली की एक फैक्ट्री में अकाउंटेंट है। उसे शक था कि युवती किसी और लड़के से बातचीत करती है। इसके चलते उसने युवती को एनएचपीसी चौक के पास स्थित एक होटल में बुलाया। वहां उसका युवती के साथ झगड़ा हो गया। उसने रस्सी से गला कसकर युवती की हत्या कर दी और फरार हो गया। होटल संचालक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने बुधवार को युवती का शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। साथ ही हत्या में प्रयोग की गई रस्सी बरामद कर ली है। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।