उपायुक्त ने नशा मुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण, कहा नशा बेचने वालों की जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रास सोसाइटी के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि जिले में नशा बेचने वालों की खैर नहीं है। नशा बेचने वालों की जो सूचना देगा, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा। विक्रम सिंह ने बुधवार को सेक्टर-14 स्थित नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग मिलकर गंभीरता से नशे पर अंकुश लगाने के लिए कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि नशा छोड़ना अच्छे जीवन की निशानी है। राष्ट्रीय नशा मुक्ति केंद्र का हेल्पलाइन नंबर 14446 है। इस अभियान के लिए युवा आगे आएं। उन्होंने कहा कि स्कूलों,काॅलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी नशे से दूर रहे। उपायुक्त नशामुक्ति केंद्र की प्रभारी ज्योति से मरीजों के बारे में जानकारी ली। वहीं, नशा-मुक्ति केन्द्र की स्थापना, बिस्तरों की संख्या, स्टाफ की तैनाती, नशा छुड़वाने से संबंधित दवाइयों की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को रोज दी जाने वाली दवाइयों के रिकार्ड की जांच भी की। विक्रम सिंह ने कहा कि युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नशा मुक्ति केंद्र में आठ मरीज भर्ती मिले। उपायुक्त ने सभी मरीजों से जाकर पूछा कि नशे की लत कैसे पड़ी और नशा कहां से लाते थे। रेडक्रॉस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नशामुक्ति केंद्र की साफ-सफाई रखें, मरीजों को नियमित दवाई दें। इस अवसर पर सीटीएम अमित मान, रेडक्रॉस जिला सचिव बिजेंद्र सौरोत, पुरुषोत्तम सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।