फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने नशीले इंजेक्शन के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कबड्डी खिलाड़ियों को इंजेक्शन बेचना चाहते थे। आरोपियों की पहचान गांव बडखल निवासी दानिस व साहून और पाली निवासी रामकुमार के रूप में हुई है। आरोपी रामकिशोर पहलवानी करता है। दानिस और साहून ऑटो चलाते हैं और साथ ही नशा बेचते हैं। दोनों की मुलाकात रामकिशोर से ऑटो चलाने के दौरान हुई थी। क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को गांव खोरी से दबोचा है। तलाशी लेने पर रामकिशोर से 30 और दानिस और साहुन से 10-10 नशे के इंजेक्शन बरामद हुए हैं। तीनों के खिलाफ थाना धौज में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रामकिशोर बीए पास है। दानिस 10वीं और साहुन अनपढ़ है। आरोपी 15 अगस्त को गांव पाली में होने वाली कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी और अन्य लोगों को इंजेक्शन बेचकर मुनाफा कमाना चाहते थे। रामकिशोर पहले भी नशे के 25 इंजेक्शन ऑटो चालकों के साथ खरीद कर लाया था। आरोपियों को अदालत से 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।