- लाठी-डंडे के साथ मारपीट में पांच लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बाईपास रोड स्थित सीएनजी पंप पर सोमवार रात वाहन चालकों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनोें पक्षों में कहासुनी से शुरु हुआ झगड़ा हाथापाई और खून खराबे में बदल गया। इस दौरान चाकूबाजी हुई, लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान राहुल, उसके चाचा सतेंद्र सिंह, अमन सिंह, धर्मपाल और पिंटू सिंह के रूप में हुई है। सराय ख्वाजा थाना की पुलिस मामले की जांच में कर रही है।
घायल राहुल सिंह के भाई अमन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात वह सेक्टर 37 स्थित सीएनजी पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए गए थे। लाइन में लगे थे, तभी तीन पिकअप चालक आए और गाड़ियों को उनकी गाड़ी के आगे लगाने का प्रयास किया। उन्होंने पिकअप चालकों को ऐसा करने रोका तो गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर एक पिकअप चालक ने राहुल के जबड़े पर डंडे से हमला कर दिया। इससे वह जमीन पर गिर पड़ा। राहुल ने इसकी सूचना रोशन नगर में रहने वाले अपने चाचा सतेंद्र के बेटे अमन को दी। अमन सिंह, उसके पिता सतेंद्र सिंह और उनके चाचा का लड़का धर्मपाल व पिंटू सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए और बीच-बचाव करने लगे। इस बीच झगड़ा करने वाले पिकअप चालकों ने भी अपने दर्जन भर साथियों को बुला लिया। सभी ने राहुल व बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चाचा और भाइयों पर लाठी डंडों और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान राहुल के चाचा सत्येंद्र सिंह की छाती पर और राहुल सिंह की पीठ में चाकू लगा। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावरों ने पीड़ित की छह माह पहले ली गई नई स्विफ्ट कार में भी तोड़ दी और फरार हो गए। सीएनजी स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम आरोपियों की पहचान की जा रही है।