संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पार्किंग विवाद को लेकर एनआईटी तीन में रविवार दोपहर एक डॉक्टर पर पड़ोसी ने तलवार से हमला कर दिया। आरोपी द्वारा की गई मारपीट में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसजीएम नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एनआईटी तीन निवासी डॉक्टर भारत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उनका पड़ोसी ईशू अपनी कार को उनके घर के सामने खड़ी कर देता है। इस कारण भारत व उनके परिवार को घर के अंदर आने-जाने में परेशानी होती है। इस बात को लेकर उन्होंने कई बार ईशू को समझाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। रविवार दोपहर भारत अपनी स्कूटी से घर आए तो देखा ईशु ने उनके घर के सामने अपनी कार खड़ी कर रखी थी। विरोध करने पर ईशु ने अपनी कार से डंडा निकाला और भारत को पीटने लगा। कुछ देर बाद ही आरोपी ने तलवार से हमला कर भारत को घायल कर दिया। किसी तरह उन्होंने खुद को बचाया। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।