- मण्डल आयुक्त ने फरीदाबाद व पलवल के आयुक्त को दिए दिशा-निर्देश, खाने-पीने व रहने की व्यवस्था करें तुरंत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। यमुना नदी में बाढ़ व बारिश से होने वाली जन समस्याओं को लेकर मंडलायुक्त विकास यादव ने बुधवार को तीन जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने उपायुक्तों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यमुना में बढ़ते जल स्तर की निगरानी प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी मुस्तैदी के साथ करें। जहां भी लोगों को खाने पीने व रहने की व्यवस्था की जानी है, उसे तुरंत सुनिश्चित करवाएं।
फरीदाबाद मंडल के आयुक्त ने कहा कि हरियाणा में हो रही रिकॉर्ड तोड़ बारिश को लेकर सरकार अलर्ट पर है। उपायुक्त अपने-अपने जिलों और शहरों में ड्रेनेज व्यवस्था की सफाई करवाएं ताकि संभावित भारी बारिश के मद्देनजर आमजन को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। उन्होंने कहा कि यमुना नदी में फरीदाबाद और पलवल जिले में 250000 क्यूसेक तक पानी नियंत्रण में रहता है। इससे अधिक पानी आने से पहले ही सभी विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल बना लें और सतर्कता के साथ आपदा से निपटने की तैयारी कर लें। फरीदाबाद शहर की कुछ कॉलोनियों भी अलर्ट पर हैं, वहां के उन लोगों के लिए सभी जरूरी सामान मुहैया कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि डिस्पोजल व अंडर पास पर पुलिस व प्रशासन के कर्मचारी 24 घंटे मौजूद रहें। अलग-अलग क्षेत्रों के नोडल अधिकारियों को कहा कि अपने-अपने इलाकों के बारिश से संबंधित अन्य तमाम मूलभूत जनहित सुविधाओं की वास्तविक जानकारी समय समय पर लेते रहें। उपायुक्त ने बताया कि बुधवार की सुबह फरीदाबाद के गांव अमीपुर में यमुना में फंसे लोगों को प्रशासन ने एनडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू किया। समीक्षा बैठक में फरीदाबाद के डीसी विक्रम सिंह, पलवल की डीसी नेहा सिंह व नूंह के डीसी प्रशांत पंवार मौजूद रहे।