मंदिर को लेकर बजरंग दल-जमीन मलिक के बीच विवाद, हंगामा
-पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को थाने में बुलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। प्राचीन मंदिर की जमीन को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमकर हंगामा किया। बजरंग दल का कहना हैं कि मंदिर को बंद करवाया जा रहा है, जबकि मालिक का कहना हैं कि जमीन उनकी है और बेच रहे हैं। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया है।
राठी पब्लिक स्कूल वाली गली में साल 1995 से एक प्राचीन मंदिर बना हुआ है। यह मंदिर आदर्श नगर निवासी पुष्प लता के चार बेटों के नाम पर है। इस जमीन पर मंदिर उनके पूर्वजों ने बनवाया था। मंदिर में गली मोहल्ले के सभी लोग सालों से पूजा कर रहे है। अब वह इस जमीन को बेच रहे हैं। इसलिए उन्होंने मंदिर पर ताला लगा दिया। शनिवार को बजरंग दल और जमीन के मालिक के बीच मंदिर खोलने को लेकर हंगामा हुआ। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ गली मोहल्ले के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। हंगामें की सूचना मिलने के बाद थाना आदर्श नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बजरंग दल की ओर से अशोक बाबा का कहना है कि मंदिर को बंद करवाया जा रहा है। जो समाज हित में नहीं है। इस मंदिर में लोग सालों से पूजा कर रहे है। इसलिए मंदिर को बंद करने का अधिकार किसी के पास नहीं है। नगर निगम में भी जमीन मंदिर के नाम पर रजिस्टर है। थाना आदर्श नगर एसआई देवदत्त ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। उन्होंने बताया जमीन के कागजात देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। तब तक मंदिर के कपाट पूजा के लिए खुले रहेंगे।