पलवल। उपायुक्त डाॅ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को पलवल व फरीदाबाद जिले के 10-10 प्रगतिशील किसानों के दल को राजस्थान अध्ययन-भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बागवानी विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय इस भ्रमण के दौरान किसान जयपुर, अजमेर, जोधपुर और नागौर जिलों का दौरा करेंगे। यहां वे आधुनिक उद्यान तकनीकों, पौधशाला संचालन, प्रसंस्करण इकाइयों, मूल्य-वर्धन विधियों और कृषि विपणन व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अध्ययन करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि सरकार किसानों को आधुनिक उद्यानिकी अपनाने और उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राजस्थान में अपनाई जा रही उन्नत तकनीकों को समझकर किसान अपने क्षेत्रों में उत्पादन और आय वृद्धि की दिशा में नए प्रयोग कर सकेंगे। जिला उद्यान अधिकारी डाॅ. पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि भ्रमण से किसानों को संरक्षित खेती, उच्च-मूल्य फसलों और नवाचार आधारित खेती के नए मॉडल जानने में मदद मिलेगी।