संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। समस्त श्याम परिवार एवं श्री श्याम जगत कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को फागुन की अमला एकादशी पर बलवंत काॅलोनी शिव मंदिर खोरी कला से श्री श्याम बिहारी मंदिर तावड़ू तक 2121 फुट लंबी भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यह निशान यात्रा दोपहर करीब एक बजे तावड़ू स्थित श्री श्याम बिहारी मंदिर पहुंची,जहां श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाने के लिए शहर में पुलिस तैनात रही। यात्रा का शुभारंभ प्रातः करीब आठ बजे खोरी कला शिव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। आचार्य नरेश शास्त्री ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कर निशान यात्रा को रवाना किया। यात्रा के आयोजकों ने बताया कि यात्रा श्रद्धा,आस्था और भक्ति भाव के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।निशान यात्रा खोरी कला से निजामपुर, सुनारी चौक, डिढारा बाइपास सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री श्याम बिहारी मंदिर पर संपन्न हुई।