सब्जी-पूरी और मीठी खीर का किया वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। राधा नाम के दीवाने संस्था की ओर से मासिक भंडारों की कड़ी में रविवार को दसवें मासिक भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को सब्जी-पूरी और मीठी खीर का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के वरिष्ठ उपप्रधान राकेश कुमार गुप्ता उर्फ बाबा ने बताया कि संस्था की ओर से नियमित रूप से मासिक भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। इस माह के भंडारे में पवन गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। भंडारा सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर 3 बजे तक चला। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। भंडारे में संस्था के सभी सदस्य संस्था की टी-शर्ट पहनकर सेवा कार्य में जुटे रहे। सदस्यों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करने के साथ अन्य व्यवस्थाओं में भी सहयोग किया। इस अवसर पर अनाज मंडी बल्लभगढ़ मार्केट कमेटी के सचिव इंदरपाल सिंह के अलावा बिशन बंसल, हेमराज बंसल, हुकम चंद मित्तल, राकेश बंसल, महेंद्र गर्ग सहित अनेक आढ़ती मौजूद रहे। सभी ने भंडारे में सेवा कार्य में सहयोग किया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह मासिक भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।