- आरोपी सौरभ ने जिला परिषद का चुनाव लड़ा था, आरोपियों के कब्जे से एक गाड़ी और देसी कट्टा बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच 56 की टीम ने रंगदारी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फतेहपुर तगा निवासी सौरभ, राजीव काॅलोनी निवासी आकाश तथा तुलसी काॅलोनी निवासी गुलाब खान के रूप में हुई है। 11 जुलाई को आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज किया था। आरोपियों ने फोन पर गांव मादलपुर निवासी पंचायत सदस्य आशुतोष से 35000 रुपये महीना रंगदारी की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आशुतोष के घर गए और पथराव कर दिया।
क्राइम ब्रांच के प्रभारी प्रभारी सुंदर सिंह व उनकी टीम ने आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया शिकायतकर्ता आशुतोष हिंदू संगठन के नेता का साथी है। 9 जुलाई को आरोपी सौरभ ने जिला परिषद का चुनाव लड़ा था, जिसमें आशुतोष ने सौरभ को वोट नहीं दिया और उसके वोट तोड़ने का काम किया था। आरोपी चुनाव हार गया। इस रंजिश में उसने फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। पूछताछ के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आकाश को जेल भेज दिया गया। आरोपी सौरभ तथा गुलाब खान को एक दिन के रिमांड पर लेकर कब्जे से स्कॉर्पियो गाड़ी तथा एक देसी कट्टा बरामद किया गया। आरोपी सौरभ के खिलाफ अवैध हथियार, लड़ाई झगड़ा, मारपीट, स्नैचिंग इत्यादि धाराओं के तहत 12 केस दर्ज हैं वह कई बार जेल जा चुका है।