कॉलेजों में 20 फीसदी सीटें बढ़ाने की मांग
फरीदाबाद। छात्रों ने स्नातक स्तर पर 20 फीसदी अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की मांग की। मांग मनवाने के लिए सोमवार को विभिन्न कॉलेजों के छात्र नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के नेतृत्व में एकत्र हुए। छात्रों ने नायब तहसीलदार जान मोहम्मद को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव कृष्ण अत्री ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2020-2021 के लिए दाखिले का अंतिम दौर जारी है। इसके बाद भी 80 से 85 फीसदी अंक हासिल कर चुके छात्र दाखिलों से वंचित हैं। इसका एक बड़ा कारण ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया की गड़बड़ भी है। इस बार कई दफा मेरिट लिस्ट जारी करने की तारीखें बदली गई। इस कारण छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस मौके पर मोहित भारद्वाज, विशाल वशिष्ठ, महेश चौहान, आशीष भाटी, संजीव अत्री, कृतिका, काजल, प्रीति, अंशु, प्रिया, दीपांशु, ईर्शाद, हितेश डागर, नितिन, कपिल, संदीप राठौड़, कृष्ण डागर, महेश शर्मा, भूपेंद्र, दिनेश, ललित ठाकुर, रंजन, आसिफ अली और साहिल कौशिक मौजूद रहे। ब्यूरो