फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित आरपीएस सवाना सोसाइटी को खेड़ी गांव और सेंट पीटर स्कूल खेड़ी रोड से जोड़ने वाली सड़क की हालत लंबे समय से खस्ता है। आरपीएस सवाना वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान आकाशदीप पटेल ने सड़क की बदहाल स्थिति की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, क्षेत्र के विधायक एवं राज्यमंत्री राजेश नागर, हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय, फरीदाबाद के उपायुक्त, नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) सहित संबंधित अधिकारियों को टैग कर सड़क निर्माण की मांग उठाई है।