फरीदाबाद। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने केंद्र सरकार से देशभर के लगभग पांच लाख होमगार्ड को पुलिसकर्मियों के समान नियमित रोजगार, वेतन, भत्ते और सामाजिक सुरक्षा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली में होमगार्ड की मांगें उठाई जाएंगी। नेशनल होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष कमला शर्मा ने ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि जम्मू-कश्मीर में 2,700 और तमिलनाडु में 2,800 रुपये मासिक मिलते हैं, जबकि अन्य राज्यों में 10-15 साल बाद भी 20-30 हजार रुपये ही मिलते हैं। लांबा ने कहा कि होमगार्ड जवान पुलिस के साथ कानून-व्यवस्था, चुनाव और आपदा प्रबंधन में ड्यूटी निभाते हैं, फिर भी उन्हें स्वयंसेवक मानकर सुविधाओं से वंचित रखा जाता है। संवाद