8 जुलाई तक मिला मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा विभाग ने सभी राजकीय और निजी स्कूलों के लिए स्पोर्ट्स फंड जमा करने की अंतिम तिथि को एक बार फिर बढ़ाकर 8 जुलाई कर दी है। इससे पहले विभाग ने फंड जमा करने के लिए 25 जून तक का समय दिया था, लेकिन इस अवधि के दौरान बहुत कम स्कूलों ने राशि जमा की, जिसके चलते विभाग को यह फैसला लेना पड़ा। इसी के साथ ही आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए अंडर-11 और अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी 6 से 8 जुलाई तक किया जाएगा और इस तय समय के बाद कोई भी दस्तावेज स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि बिना स्पोर्ट्स फंड जमा किए किसी भी स्कूल के खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले पाएंगे। गौरतलब है कि आगामी 15 जुलाई से खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होने जा रही है, इसलिए सभी स्कूलों को समय रहते यह अनिवार्य प्रक्रिया पूरी करनी होगी। खेल शिक्षा अधिकारी हरबीर अधाना ने बताया कि अभी तक कक्षा 9 से 12वीं तक के करीब 40 विद्यालयों ने ही स्पोर्ट्स फंड जमा किया है।